आनंद बर्द्धन हो सकते हैं उत्तराखंड के नए मुख्य सचिव

शासन में तैनात अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन उत्तराखंड के नए मुख्य सचिव हो सकते हैं। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी 31 मार्च को सेवानिवृत हो रही है। राधा रतूड़ी ने राजभवन में राज्यपाल ले जनरल गुरमीत सिंह से शिष्टाचार भेंट भी की।
आनंद बर्द्धन 1992 बैच के अधिकारी हैं। वर्तमान समय में वह उत्तराखंड की नौकरशाही में सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। वरिष्ठता के आधार पर उनके मुख्य सचिव बनने की पूरी संभावना है।
सूत्र भी आनंद बर्द्धन को मुख्य सचिव बनाए जाने की संभावना जता रहे हैं। वैसे आनंद बर्द्धन का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए भी सूचीबद्धता हो गई है। लेकिन उन्होंने उत्तराखंड में रहकर ही अपनी सेवाएं देने के इच्छा जताई है।
आनंद बर्द्धन ने बताया कि उनका केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने का कोई इरादा नहीं है। राज्य में आनंद बर्द्धन के बाद दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं, जिनकी मुख्य सचिव पद के लिए निर्धारित सेवा अवधि पूरी नहीं हुई है।
इनमें 1997 बैच के आईएएस प्रमुख सचिव आरके सुधांशु मुख्य सचिव कार्यालय में तैनात हैं और 1997 बैच के ही आईएएस दूसरे प्रमुख सचिव एल फेनई हैं। इस आधार पर आनंद बर्द्धन के मुख्य सचिव बनने की पूरी संभावना है।
वहीं कुछ जानकार बता रहे कि मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए आवेदन किया है। मुख्य सूचना आयुक्त पद के चयन की प्रक्रिया चल रही है। माना जा रहा है कि मुख्य सचिव का कार्यकाल समाप्त होने से पहले सरकार उन्हें मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्ति कर सकती है।