पीएम मोदी ने उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए की 1200 करोड़ की वित्तीय सहायता

पीएम मोदी ने उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए की 1200 करोड़ की वित्तीय सहायता

उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एअरपोर्ट पर आपदा राहत कार्यों की गहन समीक्षा की।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में आपदा से हुए नुकसान का विस्तार से जानकारी लेने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों की ताजा स्थिति और भविष्य की चुनौतियों पर राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (से.नि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा तथा राज्य के सांसदों सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के लिए ₹1200 करोड़ की तात्कालिक सहायता की घोषणा की। इसके अतिरिक्त दिवंगतों के परिजनों को ₹2 लाख, घायलों को ₹50,000 की आर्थिक मदद, अनाथ बच्चों के लिए PM CARES for Children योजना तथा क्षतिग्रस्त घरों, विद्यालयों, खेतों, बागवानी, होटल और अन्य बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण हेतु विशेष सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने आवश्यकतानुसार नियमों में बदलाव करने की भी बात कही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धराली, थराली सहित राज्य के आपदा प्रभावित अन्य क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव अभियानों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के प्रयासों की सराहना की और राहत बचाव कार्यों में जुटे राज्य व केन्द्र सरकार के संगठनों के कार्मिकों से भेंट कर उनके अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री ने आपदा पीड़ितों से भी मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाने के साथ ही समुचित मदद का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आपदा से हुई क्षति तथा प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव के अभियान पूरी तत्परता एवं क्षमता के साथ संचालित करने में केन्द्र सरकार के संगठनों से भरपूर सहयोग मिला है। जिसके चलते प्रभावितों तक त्वरित गति से समुचित राहत पहुंचाना संभव हो सका।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है। प्रभावित इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।

देहरादून में आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भावुक हो उठे। उन्होंने प्रभावित जनों को यह भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार पूरी शक्ति व संसाधनों के साथ हर परिवार के साथ खड़ी है।

इस अवसर पर सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, राज्य सभा सांसद कल्पना सैनी, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन एवं पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ आदि उपस्थित रहे।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *