देहरादून-बेंगलुरु के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस की हवाई सेवा का शुरू

देहरादून-बेंगलुरु के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस की हवाई सेवा का शुरू

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून से एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा प्रारंभ की जा रही देहरादून-बेंगलुरु नई सीधी हवाई सेवा का विधिवत रूप से फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इस पहल को राज्य के समग्र विकास और हवाई संपर्क के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

आज उत्तराखंड में इस नई पहल के साथ ही, देश की पहली अंतरराष्ट्रीय वैल्यू कैरियर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने देहरादून से बेंगलुरु के लिए दैनिक सीधी उड़ानों के साथ अपना संचालन प्रारंभ कर दिया है। इस शुभ अवसर पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला, एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह और उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ, आईएएस आशीष चौहान भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री धामी ने एयर इंडिया एक्सप्रेस का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा, ‘देहरादून से एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवाओं की शुरुआत, राज्य के नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बेंगलुरु से बेहतर कनेक्टिविटी से उत्तराखंड में पर्यटन, व्यापार और निवेश के अवसरों को उल्लेखनीय रूप से बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, भारत के सबसे गतिशील शहरों में से एक से हमारे छात्रों, पेशेवरों और उद्यमियों के लिए संबंध भी मजबूत होंगे।’

उन्होंने आगे कहा कि देहरादून-बेंगलुरु सीधी उड़ान सेवा राज्य के युवाओं, उद्यमियों, आईटी प्रोफेशनल्स, छात्रों और पर्यटकों के लिए एक बड़ी सुविधा सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु देश की तकनीकी राजधानी है, जहां उत्तराखंड के हजारों युवा शिक्षा, सेवाओं और स्टार्टअप क्षेत्रों में कार्यरत हैं। अब उन्हें राज्य आने-जाने के लिए अधिक सुविधाजनक, समयबद्ध और सुरक्षित विकल्प प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते वर्षों में हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने हेतु नीति-स्तर से लेकर अधोसंरचना तक कई बड़े निर्णय लिए हैं। आज पिथौरागढ़, चिन्यालीसौड़, गौचर, नैनीसैनी जैसे रीजनल एयरपोर्ट्स को सक्रिय किया जा रहा है, वहीं जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य तेज़ी से चल रहा है, जो कुमाऊं क्षेत्र के लिए एक बड़ा परिवर्तनकारी कदम सिद्ध होगा।

प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने कहा, ‘देहरादून से संचालन शुरू करना हमारे लिए गर्व की बात है। यह हमारा 58वां स्टेशन है। हम अपने सबसे बड़े घरेलू केंद्र बेंगलुरु के लिए दैनिक सीधी उड़ानें शुरू कर रहे हैं। यह इस महीने अहमदाबाद और चंडीगढ़ के बाद शुरू किया गया तीसरा नया स्टेशन है, जो हमारे नेटवर्क के तेजी से विस्तार को दर्शाता है।’

उन्होंने बताया कि यह नया मार्ग उत्तराखंड को बेंगलुरु जैसे आर्थिक और शैक्षिक केंद्र से जोड़ता है और साथ ही भारत के अन्य 18 शहरों के लिए वन-स्टॉप कनेक्शन की सुविधा भी प्रदान करता है। एयर इंडिया एक्सप्रेस अब 115 से अधिक विमानों के बेड़े के साथ एक मजबूत और सुलभ नेटवर्क का निर्माण कर रही है, जो आधुनिक भारत की आकांक्षाओं को दर्शाता है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया कि देहरादून-बेंगलुरु की पहली उड़ान देहरादून से शाम 4:30 बजे रवाना हुई और शाम 7:30 बजे बेंगलुरु पहुंची। इस सेवा के माध्यम से यात्री अब बेंगलुरु के जरिए चेन्नई, गोवा, कोच्चि, कोझिकोड, मंगलुरु, उत्तरी गोवा, पुणे, रांची, तिरुवनंतपुरम, तिरुचिरापल्ली, विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम सहित 18 गंतव्यों के लिए सुविधाजनक वन-स्टॉप कनेक्टिविटी का लाभ उठा सकते हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया कि, उनकी ‘टेल्स ऑफ इंडिया’ पहल के अंतर्गत, देहरादून से पहली उड़ान संचालित करने वाला नया बोइंग 737-8 विमान उत्तराखंड की पारंपरिक कला ‘ऐपण’ से प्रेरित टेल आर्ट को प्रदर्शित करता है। ऐपण, राज्य की फर्श और दीवारों पर की जाने वाली पारंपरिक सजावटी कला है।

अतिरिक्त यात्रा सुविधाएं

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने हाल ही में अपना ‘बुक डायरेक्ट’ अभियान शुरू किया है, जो यात्रियों को www.airindiaexpress.com और मोबाइल ऐप पर सीधे बुकिंग करने के लिए प्रोत्साहित करता है। इसके अंतर्गत प्रोमो कोड और बैंक ऑफर्स के साथ 20% तक की छूट, नेट बैंकिंग से भुगतान पर शून्य सुविधा शुल्क, छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों और सशस्त्र बलों के कर्मियों के लिए विशेष छूट, ‘गौर्मेयर’ मेनू से प्री-बुकिंग पर 50% तक की छूट शामिल है। इसके अतिरिक्त, मास्टरकार्ड डेबिट/क्रेडिट कार्ड से बुकिंग करने पर घरेलू उड़ानों पर ₹250 की छूट और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ₹600 की छूट दी है।

यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस के ‘एक्सप्रेस हॉलिडे’ प्लेटफॉर्म का भी लाभ उठा सकते हैं, जो आवास, परिवहन और गतिविधियों सहित क्यूरेटेड हॉलिडे पैकेज प्रदान करता है। यह सेवा एयरलाइन की वेबसाइट के प्रोडक्ट्स एंड सर्विसेज सेक्शन में उपलब्ध है।

फ्लैग ऑफ समारोह में प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्रतिनिधि, एयर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारी, यात्री एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *