सीएम धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

सीएम धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास से 2 नवंबर 2025 को प्रस्तावित “आदि कैलाश परिक्रमा रन” (अल्ट्रा मैराथन) के प्रोमो रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसका लोगो अनावरण किया।

उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती वर्ष) के उपलक्ष्य में, आगामी 2 नवंबर 2025 को गुंजी गांव से आदि कैलाश मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मुख्यमंत्री धामी द्वारा साहसिक और शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करने, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने और नशा मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यह अल्ट्रा मैराथन 10,300 से 15,000 फीट की ऊंचाई पर आयोजित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास, पलायन की समस्या के समाधान, स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने और पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि यह मैराथन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह द्वारा प्रारंभ की गई “वाईब्रेंट विलेज योजना” को प्रोत्साहित करने में भी सहायक सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को सम्मान और स्थानीय पहचान दिलाने के साथ-साथ होमस्टे और पर्यटन क्षेत्र में स्थायी रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराएगा। इस आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

रविवार को आयोजित प्रोमो रन मैराथन में प्रदेशभर से बच्चों, युवाओं एवं विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैराथन का समापन उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद कार्यालय में हुआ।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि इस 10 किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता के शीर्ष तीन विजेताओं को 2 नवंबर 2025 को गुंजी (पिथौरागढ़) में आयोजित होने वाली “आदि कैलाश मैराथन” में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन में कुल 5 श्रेणियां होंगी, 60 किमी (अल्ट्रा रन), 42 किमी (फुल मैराथन), 21 किमी (हाफ मैराथन), 10 किमी रन और 5 किमी रन। इन सभी वर्गों में देशभर से एथलीट भाग लेंगे।

पर्यटन सचिव ने यह भी बताया कि इस मैराथन के सफल आयोजन के बाद, जून 2026 में माणा-नीति क्षेत्र में अगली मैराथन प्रस्तावित है। व्यास और नीति घाटियों में आयोजित इन मैराथनों के विजेताओं के लिए कुल ₹50 लाख की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रूहेला, पूजा गर्ब्याल एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित थे।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *