डीएम के हस्तक्षेप के बाद कनिका मदान को दो दिन में जारी हुई बकाया राशि
जिले के प्रतिष्ठित इडिफाई वर्ल्ड स्कूल, मोथरोवाला में कार्यरत शिक्षिका कनिका मदान को स्कूल प्रबंधन द्वारा दो माह का वेतन एवं सुरक्षा राशि न दिए जाने पर जिला प्रशासन से न्याय मिला है। शिक्षिका ने 13 अक्टूबर को जनता दर्शन में जिलाधिकारी सविन बंसल के समक्ष अपनी व्यथा रखी थी।
शिक्षिका कनिका मदान ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने मार्च और जुलाई माह का वेतन तथा सुरक्षा राशि रोके रखी थी। साथ ही अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने में भी आनाकानी की जा रही थी।
जिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच कर वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। डीएम के संज्ञान में मामला आते ही स्कूल प्रबंधन हरकत में आ गया और मात्र दो दिन में शिक्षिका को ₹78,966 की बकाया राशि का चेक तथा अनुभव प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल अपने कड़े और जनहितकारी निर्णयों के लिए जाने जाते हैं। वे असहाय, व्यथित एवं शोषित व्यक्तियों के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं। यह प्रकरण भी जिला प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता का ताजा उदाहरण है।
डीएम के निरंतर एक्शन से जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा लगातार ठोस पहल की जा रही है। इससे न केवल शोषण करने वालों में भय का माहौल है, बल्कि आमजन को न्याय की उम्मीद भी प्रबल हुई है।
डीएम कार्यालय में प्रतिदिन 40-50 फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान हेतु पहुंच रहे हैं, जिन्हें समयबद्ध रूप से राहत मिल रही है। यह पहल जनहित में जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

