खेलों से सशक्त भारत का सपना साकार कर रहे प्रधानमंत्री मोदी — त्रिवेंद्र सिंह रावत

खेलों से सशक्त भारत का सपना साकार कर रहे प्रधानमंत्री मोदी — त्रिवेंद्र सिंह रावत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत का हर युवा खेलों से जुड़े और देश में एक मजबूत खेल संस्कृति विकसित हो, जिससे भारत विश्व खेल मंच पर नई पहचान बना सके। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत वंदना कटारिया स्टेडियम में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कही।

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश है और यदि इस विशाल युवा शक्ति को खेलों से जोड़ा जाए, तो भारत खेलों की दुनिया का सिरमौर बन सकता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करते, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना भी विकसित करते हैं।

उन्होंने बताया कि इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिट इंडिया अभियान, योग महोत्सव, खेलो इंडिया और सांसद खेल महोत्सव जैसे कार्यक्रमों की शुरुआत की है, ताकि गांव से लेकर शहर तक और हर आयु वर्ग के लोग खेलों से जुड़ सकें। सांसद ने स्पष्ट किया कि इन प्रतियोगिताओं में आयु का कोई बंधन नहीं है, खेल मैदान सभी के लिए खुले हैं और हर प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जानकारी दी कि 25 दिसंबर को सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं देशभर के खिलाड़ियों से वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और उनसे सीधे संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि आने वाले वर्षों में देश से ऐसे खिलाड़ी तैयार हों, जो एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का परचम लहराएं।

उन्होंने पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया की सराहना करते हुए कहा कि वंदना कटारिया ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे वंदना कटारिया को अपना आदर्श बनाएं और खेलों में ऊंचाइयों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित करें।

इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, उनके खेल कौशल की प्रशंसा की तथा सभी खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा, मेहनत और खेल भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में नगर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिताओं से हरिद्वार की खेल प्रतिभाओं को आगे आने का सशक्त मंच मिला है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के लिए लगभग एक माह से तैयारियां की जा रही थीं, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। उन्होंने आयोजन समिति और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *