औली विंटर कार्निवल 2026, बर्फ पर रोमांच का महोत्सव

औली विंटर कार्निवल 2026, बर्फ पर रोमांच का महोत्सव

उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन और विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन को स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, ‘औली स्कीइंग विंटर कार्निवल एवं राष्ट्रीय शीतकालीन खेल प्रतियोगिता/चैंपियनशिप 2026’ का आयोजन 13 से 16 फरवरी 2026 तक चमोली जिले के प्रसिद्ध स्की स्थल औली में किया जाएगा।

यह आयोजन अल्पाइन स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग और स्की माउंटेनियरिंग (स्किमो) जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और साहसिक गतिविधियों का अनूठा संगम होगा।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इस आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्बयाल ने की। इसमें खेल व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों, प्रतिभागियों की सुविधाओं और अंतर-विभागीय समन्वय पर गहन चर्चा हुई।

गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी संभालेगा, जबकि इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) तकनीकी सहयोग, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन सेवाएं प्रदान करेगी।

आयोजन का विस्तृत कार्यक्रम

13 फरवरी 2026 (गुरुवार): प्रतिभागियों का पंजीकरण, उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्थानीय स्कीइंग प्रदर्शन, आईटीबीपी द्वारा स्की एवं रेस्क्यू डेमोंस्ट्रेशन तथा स्की माउंटेनियरिंग (वर्टिकल एवं स्प्रिंट) प्रदर्शन/रेस।

14 फरवरी 2026 (शुक्रवार) – प्रतियोगिता दिवस-I: अल्पाइन स्कीइंग – जाइंट स्लालम (पुरुष एवं महिला), स्नोबोर्ड – जाइंट स्लालम।

15 फरवरी 2026 (शनिवार) – प्रतियोगिता दिवस-II: अल्पाइन स्कीइंग – स्लालम (पुरुष एवं महिला), स्नोबोर्ड – स्लालम, स्की माउंटेनियरिंग – स्प्रिंट।

16 फरवरी 2026 (रविवार): समापन समारोह, पुरस्कार वितरण तथा प्रतिभागी टीमों की विदाई।

कार्निवल में शीतकालीन खेलों के साथ स्थानीय गढ़वाली-कुमाऊंनी लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और कलाकारों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण होंगी। आयोजन से स्थानीय युवाओं को रोजगार, होमस्टे पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। बैठक में औली को स्थायी विंटर स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए नियमित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की संभावना पर भी सहमति बनी।

औली: भारत का प्रमुख स्की डेस्टिनेशन

समुद्र तल से 2500 से 3050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली भारत का प्रमुख स्की स्थल है। यहां 3 से 5 किलोमीटर लंबे प्राकृतिक ढलान, घने ओक और देवदार के जंगल तथा नंदा देवी, कामेत, माना जैसे हिमालयी शिखरों के मनोरम दृश्य उपलब्ध हैं। जोशीमठ से औली तक एशिया की दूसरी सबसे लंबी रोपवे (गोंडोला) सुविधा पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण है।

पिछले वर्षों में औली ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्की एवं स्नोबोर्डिंग चैंपियनशिप की मेजबानी की है। आईटीबीपी यहां उच्च ऊंचाई वाले प्रशिक्षण के लिए जाना जाता है और अक्सर प्रभावशाली स्की डेमो प्रस्तुत करता है। उत्तराखंड सरकार शीतकालीन पर्यटन को साल भर के पर्यटन का हिस्सा बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे औली जैसे स्थलों का महत्व और बढ़ गया है।

इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज गर्बयाल ने कहा, ‘औली स्कीइंग विंटर कार्निवल एवं राष्ट्रीय शीतकालीन खेल प्रतियोगिताएं उत्तराखंड की शीतकालीन पर्यटन क्षमता, साहसिक खेलों की परंपरा और स्थानीय समुदायों की आजीविका को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। यह आयोजन औली को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में नई पहचान दिलाएगा तथा रोजगार सृजन और सतत पर्यटन को बढ़ावा देगा।’

बैठक में बी.एल. राणा (अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी), लक्ष्मीराज चौहान (महाप्रबंधक, जीएमवीएन), रोमिल चौधरी (निदेशक वित्त), अमित लोहनी (उपनिदेशक), अरविंद गौड़ (जिला पर्यटन विकास अधिकारी, चमोली), सीमा नौटियाल (साहसिक खेल अधिकारी), शीतल (थल क्रीड़ा विशेषज्ञ) सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल खेल प्रेमियों को आकर्षित करेगा बल्कि उत्तराखंड की देवभूमि को शीतकालीन खेलों के वैश्विक मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करेगा।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *