पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने टीटीएफ कोलकाता में उत्तराखंड पवेलियन का उद्घाटन किया

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने टीटीएफ कोलकाता में उत्तराखंड पवेलियन का उद्घाटन किया

कोलकाता। पूर्वी भारत के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित पर्यटन व्यापार मंच ‘ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) कोलकाता’ के तीन दिवसीय आयोजन के प्रथम दिवस उत्तराखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड पर्यटन पवेलियन का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही इस प्रतिष्ठित मंच पर उत्तराखंड पर्यटन विभाग की सशक्त और आकर्षक उपस्थिति दर्ज हुई।

उत्तराखंड पर्यटन के लिए यह आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि टीटीएफ कोलकाता भारतीय पर्यटन उद्योग में बी-टू-बी (B2B) व्यापारिक बैठकों के सबसे प्रमुख मंचों में से एक माना जाता है।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने केवल विभाग के मुखिया के रूप में ही नहीं, बल्कि राज्य के पर्यटन उद्योग और उससे जुड़े सभी हितधारकों के प्रतिनिधि एवं नेतृत्वकर्ता के रूप में भी सहभागिता की। उन्होंने पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर उत्तराखंड की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

इस आयोजन में उत्तराखंड से पर्यटन उद्योग के 29 हितधारकों—जिनमें होटल व्यवसायी, टूर ऑपरेटर, होमस्टे संचालक एवं अन्य पर्यटन सेवा प्रदाता शामिल हैं—ने भाग लिया। यह मंच उन्हें पूर्वी भारत तथा देश-विदेश के प्रमुख ट्रैवल ट्रेड बायर्स के साथ सीधे बी-टू-बी संवाद स्थापित करने का अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे राज्य में पर्यटन व्यापार, निवेश और व्यावसायिक साझेदारियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के उप निदेशक प्रकाश सिंह खत्री सहित विभागीय अधिकारी एवं पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल पर्यटन विभाग तथा अन्य सहभागी राज्यों के प्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड आज साहसिक, आध्यात्मिक और विशेष रुचि (नीश) पर्यटन के समग्र अनुभव के कारण देश-दुनिया के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख गंतव्य बनकर उभरा है। नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन और आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन जैसे आयोजनों के माध्यम से हम अपने सीमांत गांवों को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित कर रहे हैं। नई बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति और पर्यटक गाइड पोर्टल जैसी पहलों से राज्य के पर्यटन उद्योग को और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। टीटीएफ कोलकाता जैसा मंच हमें पूर्वी भारत के व्यापारिक साझेदारों के साथ अपने इस विज़न को साझा करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।”

उल्लेखनीय है कि टीटीएफ कोलकाता का यह तीन दिवसीय आयोजन 10 से 12 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान उत्तराखंड पवेलियन में राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन, वेलनेस, होमस्टे तथा अन्य पर्यटन उत्पादों और संभावनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे पर्यटकों, ट्रैवल ट्रेड प्रतिनिधियों और मीडिया को उत्तराखंड के विविध पर्यटन आयामों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *