ताड़केश्वर महादेव के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं को कराया प्रसाद ग्रहण
देवभूमि उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में लैंसडाउन के समीप स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री ताड़केश्वर महादेव मंदिर में आज पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। भंडारे के शुभारंभ से पूर्व त्रिवेंद्र रावत ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण ताड़केश्वर महादेव मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। लैंसडाउन से लगभग 36 किलोमीटर दूर स्थित यह पवित्र धाम घने देवदार, बुरांश और चीड़ के वनों से घिरा हुआ है।
यहां विराजमान स्वयंभू शिवलिंग श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। महाशिवरात्रि, श्रावण मास और सावन के सोमवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस पवित्र स्थल का संबंध तारकासुर की तपस्या और भगवान शिव की कृपा से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि इसी प्रसंग के कारण इस धाम का नाम ताड़केश्वर महादेव पड़ा।
स्थानीय परंपराओं के अनुसार, आसपास के 84 गांवों के लोग अपनी पहली फसल का अंश भगवान को अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। यह परंपरा क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक विरासत, लोक आस्था और सनातन संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति है।

ताड़केश्वर महादेव मंदिर केवल श्रद्धा और उपासना का केंद्र ही नहीं, बल्कि देवभूमि की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य का प्रतीक भी है। यहां का शांत वातावरण श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है तथा सनातन परंपराओं के प्रति आस्था को और अधिक सुदृढ़ करता है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा, विधायक दिलीप सिंह रावत, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, मुकेश कोली, सीताराम भट्ट, डॉ. दीपक भट्ट एवं उमेश त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

