हौसले बुलंद हों तो मंजिल दूर नहीं, अनुराग रावत ने पूरी की 10 किमी दौड़

हौसले बुलंद हों तो मंजिल दूर नहीं, अनुराग रावत ने पूरी की 10 किमी दौड़

25 वर्षीय अनुराग रावत ने जनपद चमोली में 31 मई से 2 जून तक आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” में अदम्य साहस, आत्मविश्वास और अटूट जज्बे का परिचय देते हुए लगभग 1 घंटा 45 मिनट में 10 किलोमीटर की कठिन दौड़ पूरी कर सभी प्रतिभागियों और दर्शकों को प्रेरित किया।

“Beyond Limits, Beyond the Canyon” के संदेश को साकार करते हुए अनुराग ने साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।

मूल रूप से जनपद पौड़ी गढ़वाल के निवासी और वर्तमान में दिल्ली में रह रहे अनुराग रावत ने सेरेब्रल पाल्सी जैसी चुनौतीपूर्ण स्थिति के बावजूद नीति घाटी की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में इस कठिन दौड़ को सफलतापूर्वक पूरा किया।

चमोली जनपद की नीति घाटी में आयोजित इस प्रतिष्ठित आयोजन के दौरान ऊंचे पहाड़, कठिन मार्ग और सीमित ऑक्सीजन जैसी विषम परिस्थितियों के बीच अनुराग का प्रदर्शन सभी के लिए प्रेरणास्रोत बन गया।

अनुराग की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया कि शारीरिक चुनौतियां किसी व्यक्ति की क्षमता और सपनों को सीमित नहीं कर सकतीं। उनके साहस, दृढ़ निश्चय और सकारात्मक सोच ने आयोजन में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति को प्रभावित और प्रेरित किया। “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” में उनका प्रदर्शन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों से जूझते हुए आगे बढ़ने की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गया।

अनुराग ने बताया कि इससे पहले भी वे विभिन्न खेल एवं साहसिक प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं और लगातार अपनी सीमाओं को चुनौती देते रहे हैं। उन्होंने कहा, “सीमाएं केवल हमारे दिमाग में होती हैं। यदि संकल्प मजबूत हो, तो इंसान किसी भी मंजिल को हासिल कर सकता है।”

“नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” के इस भव्य आयोजन में देशभर से उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। सीमांत नीति घाटी में आयोजित इस एडवेंचर स्पोर्ट्स महाकुंभ में देश के 27 राज्यों से आए 1,200 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए अदम्य साहस, उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया।

अनुराग रावत की यह उपलब्धि “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” की सबसे प्रेरणादायक कहानियों में से एक बनकर उभरी है, जिसने यह संदेश दिया कि हौसले बुलंद हों तो कोई भी बाधा मंजिल तक पहुंंचने से नहीं रोक सकती।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *