गढ़वाल के लोगों को बड़ी राहत, पासपोर्ट के लिए अब नहीं जाना होगा दूर
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के अथक प्रयासों से आज गढ़वाल के कोटद्वार, यमकेश्वर, लैंसडाउन, दुगड्डा, चौबट्टाखाल, नैनीडांडा, थलीसैंण सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई। कोटद्वार में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने गढ़वाल लोकसभा के दूसरे पासपोर्ट ऑफिस का उद्घाटन किया। साथ ही, इस पासपोर्ट ऑफिस द्वारा जारी नए पासपोर्ट भी लोगों को सौंपे गए।
एक लोकसभा क्षेत्र में दो पासपोर्ट ऑफिस का खुलना अपने आप में बहुत ही महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के असीम प्रयासों से संभव हो पाया है। इससे गढ़वाल के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश मंत्री सतीश लखेड़ा, लैंसडाउन विधायक दिलीप सिंह रावत, पौड़ी से विधायक राजकुमार पोरी, उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री राजेंद्र अंथवाल, राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल, कोटद्वार जिला भाजपा अध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, पौड़ी जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व विधायक मुकेश कोली एवं भाजपा नेता बिपिन कैंथोला सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, समाजसेवी एवं स्थानीय जनता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनिल बलूनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दोहराते हुए कहा, “सपने नहीं, हकीकत बुनते हैं, इसलिए सब मोदी को चुनते हैं।” उन्होंने कहा कि “ये मोदी जी हैं और भाजपा है – हम जो कहते हैं, करके दिखाते हैं।”

उन्होंने आज के पासपोर्ट ऑफिस के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए विदेश मंत्रालय और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने सहयोग के लिए उत्तराखंड की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री को भी विशेष धन्यवाद दिया।
गढ़वाल सांसद ने कहा कि गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह पासपोर्ट ऑफिस यहां के लोगों, छात्रों एवं युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। अब उन्हें पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज़ नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। यह मोदी जी के ‘ईज ऑफ लिविंग’ के विजन का जीता-जागता प्रमाण है।
अपने “विकसित गढ़वाल” के संकल्प को दोहराते हुए अनिल बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प है – विकसित भारत, और मेरा संकल्प है – विकसित गढ़वाल, विकसित उत्तराखंड। उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से वर्ष 2026 गढ़वाल के लिए ऐतिहासिक रहने वाला है, जब विकास की नई इबारतें यहां जमीन पर उतरेंगी।
इस अवसर पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने अनिल बलूनी की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए उन्हें अपना मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि “अनिल भाई उम्र में मुझसे भले ही बड़े नहीं हैं, लेकिन राज्यसभा में मेरे वरिष्ठ रहे हैं और हमेशा एक बड़े भाई की तरह मेरा मार्गदर्शन किया है।”
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी के रूप में वे पूरे देश की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, लेकिन उनका दिल हमेशा गढ़वाल के लिए धड़कता है। वे चाहे केरल में हों या कश्मीर में, कोटद्वार में पासपोर्ट ऑफिस खुलवाने के लिए लगातार प्रयासरत रहे। आज उनका यह प्रयास सफल हुआ है।
मार्गेरिटा ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी सेवाएं जनता के द्वार तक पहुंचें। उन्होंने स्थानीय जनता से इस नए केंद्र का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने गढ़वाली भाषा में अपने भाषण की शुरुआत की, जिससे लोग भावुक और अभिभूत हो उठे।

