सहस्त्रधारा में बादल फटने से भारी तबाही, रेस्क्यू का काम युद्धस्तर पर जारी

सहस्त्रधारा में बादल फटने से भारी तबाही, रेस्क्यू का काम युद्धस्तर पर जारी

देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र अंतर्गत कारलीगाढ़ में रात को बादल फटने से भारी नुकसान का अनुमान है। जब यह घटना घटी उसके बाद क्षेत्र में अचानक जल प्रवाह तेज़ हो गया, जिससे कुछ दुकानें क्षतिग्रस्त होकर बह गईं। इस घटना में तीन व्यक्तियों के लापता होने की खबर हैं, जिनकी खोजबीन प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। इस घटना में 15 से 20 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी खबर है।

देहरादून जनपद के सहस्त्रधारा क्षेत्र अंतर्गत कारलीगाढ़ में 15 सितंबर की रात्रि लगभग 11:30 बजे अत्यधिक वर्षा के चलते बादल फटने (Cloudburst) की घटना घटित हुई। इस प्राकृतिक आपदा के कारण क्षेत्र में अचानक जल प्रवाह तेज़ हो गया, जिससे कुछ दुकानें क्षतिग्रस्त होकर बह गईं। प्रारंभिक सूचना के अनुसार कोई जनहानि नहीं हुई है, परंतु दो व्यक्ति लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी खोजबीन प्राथमिकता के आधार पर जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा समस्त संबंधित विभागों को आपदा प्रबंधन प्रणाली (IRS System) के अंतर्गत सक्रिय कर रात में ही राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर दिए गए। साथ ही, एसडीएम कुमकुम जोशी को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया एवं राहत कार्यों का नेतृत्व किया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, लोनिवि (PWD) एवं अन्य विभागों की टीमें जेसीबी व आवश्यक उपकरणों सहित जुटी हुई हैं। प्रभावित क्षेत्र से स्थानीय निवासियों को रात में ही सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि, ‘घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। दो व्यक्तियों के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई है, जिनकी तलाश के लिए टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। प्रशासन पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा है।’

मौसम विभाग द्वारा आगामी 24 घंटों के लिए भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। इस दृष्टिगत जिला प्रशासन पूर्णतः अलर्ट मोड में है एवं सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्परता बनाए रखें।

जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

 

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *