सीएम धामी ने कुंभ मेला हेतु 234.55 करोड़ रुपये की 34 अवसंरचना परियोजनाओं का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेला हरिद्वार के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के अंतर्गत 234.55 करोड़ रुपये की लागत से 34 महत्वपूर्ण अवसंरचना कार्यों का शिलान्यास किया।
कुंभ मेला नियंत्रण भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 के सुरक्षित, व्यवस्थित एवं दिव्य आयोजन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परियोजनाएं न केवल मेले की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करेंगी, बल्कि हरिद्वार शहर के दीर्घकालीन विकास में भी सहायक सिद्ध होंगी।
प्रमुख परियोजनाएं
1. घाट निर्माण एवं सिंचाई अवसंरचना (07 कार्य) — लागत: 70.54 करोड़ रुपये
- अपर गंगा नहर के दोनों तटों पर घाटों का निर्माण एवं पुनर्विकास।
- 90 मीटर स्पान का कंपोजिट स्टील गर्डर द्वि-लेन सेतु निर्माण।
- तीन अस्थायी पुलों की स्थापना, मरम्मत एवं रख-रखाव।
2. सड़क एवं परिवहन अवसंरचना (12 कार्य) — लागत: 127.23 करोड़ रुपये
- बहादराबाद–सिडकुल चार लेन मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण।
- राष्ट्रीय राजमार्ग-334 (दिल्ली–हरिद्वार–देहरादून) का चौड़ीकरण।
- नगर क्षेत्र में सड़कों का नवीनीकरण, फुटपाथ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण।
- हरिद्वार मास्टर प्लान के अंतर्गत प्रशासनिक रोड कॉरिडोर का विकास।
3. पेयजल एवं जल आपूर्ति अवसंरचना (09 कार्य) — लागत: 18.11 करोड़ रुपये
- पंपिंग जलापूर्ति योजनाओं का पुनर्गठन।
- 1500 केएल क्षमता का ओवरहेड टैंक एवं ट्यूबवेल निर्माण।
- 10 मीटर व्यास के पांच आरसीसी इन्फिल्ट्रेशन कुओं का निर्माण।
4. श्रद्धालु सुविधाएं एवं सहायक अवसंरचना (06 कार्य) — लागत: 18.67 करोड़ रुपये
- चंडी देवी मंदिर एवं मनसा देवी मंदिर मार्ग पर तीर्थयात्रियों हेतु सुविधाओं का विकास।
- बैरक एवं औषधि भंडारण कक्ष का निर्माण।
- मेला नियंत्रण भवन का नवीनीकरण एवं अतिरिक्त बैरकों का निर्माण।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक सुदृढ़ीकरण का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

