देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू, एक घंटे में पूरा होगा सफर
पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़–देहरादून हवाई सेवा का शुभारंभ किया। इस नई सेवा का संचालन एलाइंस एयर द्वारा 42-सीटर विमान से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई यह सेवा पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच यात्रा को आसान बनाएगी। अब यह दूरी लगभग एक घंटे में तय की जा सकेगी। उन्होंने इसे सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
UDAN योजना से बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय हवाई यात्रा केवल सम्पन्न वर्ग तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना ने इस धारणा को बदल दिया है। इस योजना के माध्यम से छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर सस्ती हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में UDAN 2.0 को भी मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे।

पर्वतीय राज्य के लिए जीवन रेखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और गंभीर मरीजों को बड़े अस्पतालों तक लाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में UDAN योजना के तहत राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं। वहीं, वर्ष 2023 में शुरू की गई उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
बीते चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है। राज्य को ‘बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम’ का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।
पिथौरागढ़ को मिलेगा बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हवाई सेवा से पिथौरागढ़ के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि सीमांत क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में पिथौरागढ़–मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की गई है।
सरकार पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर लगभग 450 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। साथ ही, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और राज्य सरकार के बीच नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए समझौता भी किया गया है।
केंद्रीय मंत्री का संदेश
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं और राज्य में हवाई सुविधाओं के विस्तार का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक चंद्रा पंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

