पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने अभिसूचना एवं सुरक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने अभिसूचना एवं सुरक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की

आज अभिसूचना एवं सुरक्षा मुख्यालय, उत्तराखंड में पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड दीपम सेठ की अध्यक्षता में अभिसूचना एवं सुरक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में महानिदेशक अभिसूचना/सुरक्षा अभिनव कुमार, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, आईजी कार्मिक सुनील कुमार मीणा, आईजी पीएंडएम/मुख्यालय बरिंदरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुरक्षा/एटीएस सरिता डोबाल, अपर पुलिस अधीक्षक क्राइम लोकजीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना/सुरक्षा अंकुश मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक सुरक्षा जी.डी. जोशी, पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज के.एस. असवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनपदों के प्रभारी अभिसूचना अधिकारी ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

बैठक में विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श के उपरांत पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड द्वारा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

  • आतंकवाद नियंत्रण के दृष्टिगत राष्ट्रीय स्तर पर संचालित भारत की पहली आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।
  • पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित किए जाने संबंधी इनपुट तथा उसके सहयोगियों की देशभर में हुई गिरफ्तारियों के दृष्टिगत सभी जनपदों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
  • देश के बड़े राज्यों की कार्यप्रणाली तथा सफल ऑपरेशनों के मॉडल का अध्ययन कर राज्य एटीएस के ऑपरेशनों को उच्च पेशेवर स्तर पर अपग्रेड करने के निर्देश दिए गए।
  • आगामी विधानसभा चुनावों तथा बढ़ती सुरक्षा संवेदनशीलता के दृष्टिगत मुख्यमंत्री, उत्तराखंड की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
  • अंतरराष्ट्रीय सीमाओं (चीन एवं नेपाल सीमा) से सटे जनपदों में संदिग्ध गतिविधियों, सीमा पार से घुसपैठ तथा राष्ट्रविरोधी तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आईटीबीपी (ITBP), एसएसबी (SSB), सेना, आईबी (IB), राज्य पुलिस एवं एटीएस के शीर्ष अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय ‘इंटर-एजेंसी कोऑर्डिनेशन बैठक’ आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
  • राज्य में लगातार बढ़ रही पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या तथा वर्तमान में संचालित चारधाम यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।
  • आगामी कुंभ मेले तथा अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के निर्बाध एवं सकुशल संचालन के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
  • आगामी विधानसभा चुनावों तथा विशिष्ट महानुभावों (VVIPs) के प्रस्तावित कार्यक्रमों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
  • सभी महत्वपूर्ण आयोजनों एवं व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक जनशक्ति, तकनीकी उपकरणों एवं अन्य संसाधनों की व्यवस्था समय रहते पूरी करने को कहा गया।
  • केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी नीति एवं रणनीति के तहत विभिन्न रूपों में सामने आ रही आतंकवाद की चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष प्रयास किए जाने पर बल दिया गया।
  • आगामी राज्य स्थापना दिवस, नवरात्र, दशहरा, दीपावली आदि महत्वपूर्ण पर्वों के दृष्टिगत संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
  • राष्ट्रपति द्वारा उत्तराखंड पुलिस को प्रदत्त विशिष्ट प्रतीक चिह्न (President’s Police Colour) प्रदान किए जाने के लिए आयोजित होने वाली प्रेसिडेंट पुलिस कलर सेरेमनी की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
  • आगामी विधानसभा चुनावों, कुंभ मेले एवं धार्मिक आयोजनों के दृष्टिगत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम एवं व्हाट्सऐप ग्रुप्स) पर 24 घंटे सघन निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी भड़काऊ सामग्री अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों को समय रहते चिह्नित किया जा सके।
  • संवेदनशील मामलों एवं सांप्रदायिक मुद्दों को लेकर फैलने वाली भ्रामक खबरों, छेड़छाड़ किए गए वीडियो, डीपफेक एवं अफवाहों का तत्काल आधिकारिक खंडन (Fact-Check) जारी करने के निर्देश दिए गए।
Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *