पंतनगर विश्वविद्यालय के दीक्षारंभ में कुलपति का प्रेरणादायी संवाद
पंतनगर विश्वविद्यालय के गांधी भवन में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम में कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने नवागंतुक विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय की नींव देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू द्वारा रखी गई थी। उन्होंने कहा कि आप सभी बहुत भाग्यशाली हैं कि आपको एशिया के सबसे बड़े और देश के प्रथम कृषि विश्वविद्यालय में अध्ययन का अवसर मिला है।
कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि इस विश्वविद्यालय के कारण ही आज देश में लोग भरपेट भोजन कर पा रहे हैं। नोबेल पुरस्कार विजेता डॉ. नॉर्मन ई. बोरलॉग, जिन्हें हरित क्रांति का जनक माना जाता है, का इस विश्वविद्यालय से गहरा लगाव रहा है। वे कई बार इस विश्वविद्यालय में पधार चुके हैं।
उन्होंने नवागंतुकों को आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय में उनके अध्ययन और विकास के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां अनुभवी वैज्ञानिक और प्राध्यापक कार्यरत हैं, जो मूलभूत से लेकर आधुनिक विज्ञान की जानकारी से संपन्न हैं। आपके सर्वांगीण विकास के लिए यहां एक विशाल पुस्तकालय, सेंट्रल कंप्यूटिंग फैसिलिटी, खेलों के लिए स्टेडियम, स्वास्थ्य के लिए व्यायामशाला, रिक्रिएशन सेंटर तथा विविध विषयों में शोध हेतु अनुसंधान केंद्र उपलब्ध हैं।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में कृषि, पशुचिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान, विज्ञान एवं मानविकी, सामुदायिक विज्ञान, मत्स्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी तथा कृषि व्यवसाय प्रबंधन जैसे विषयों में शिक्षा और अनुसंधान की समुचित व्यवस्था है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे टीम भावना से कार्य करें, विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों से नेटवर्किंग बनाएं और अपने समय का शत-प्रतिशत उपयोग अपने लक्ष्य की प्राप्ति में करें ताकि वे अपने उद्देश्यों की पूर्ति कर सकें और विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर सकें।
कुलपति ने यह भी कहा कि ज्ञान प्राप्त करने में भाषा कोई अवरोध नहीं है। यदि आपकी रुचि प्रबल है तो आप किसी भी भाषा में ज्ञान अर्जित कर सकते हैं। विश्वविद्यालय में पहले भी ऐसे विद्यार्थी आए हैं जो दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से थे और जिन्हें हिंदी भाषा का अच्छा ज्ञान नहीं था, फिर भी उन्होंने इस विश्वविद्यालय से उपाधि प्राप्त की और देश-विदेश में विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञों ने भी नवागंतुक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर निदेशक संचार डॉ. जे.पी. जायसवाल, कृषि महाविद्यालय से दीक्षारंभ कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. उषा पंत, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय से सह अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. छाया शुक्ला, डॉ. शेफाली मैसी, तथा सह निदेशक शारीरिक शिक्षा डॉ. भास्कर तिवारी उपस्थित रहे।

