केदारनाथ यात्रा : पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण कुछ समय के लिए रोकी गई यात्रा
केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यात्रा कुछ समय के लिए बाधित रही। मार्ग आंशिक रूप से बाधित होने के चलते केदारनाथ धाम से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को विभिन्न पड़ावों पर सुरक्षित रोका गया।
मौसम अनुकूल होने के बाद रेस्क्यू टीमों ने सुरक्षा मानकों और आवश्यक सावधानियों के साथ श्रद्धालुओं को बाधित क्षेत्र से चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित पार कराया।
13 सितंबर से गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर ऊपर चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण पैदल मार्ग बाधित था। देर शाम तक प्रतिकूल मौसम और लगातार पत्थर गिरने की स्थिति को देखते हुए मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया था।

सोमवार सुबह मौसम अनुकूल होने और पत्थर गिरने की स्थिति नहीं होने पर केदारनाथ से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को चीरबासा के समीप बाधित क्षेत्र से सुरक्षित तरीके से पार कराया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मौके पर एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, वाईएमएफ, आपदा मित्र और पुलिस बल की रेस्क्यू टीमें तैनात हैं।
रेस्क्यू टीमें बाधित क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ उन्हें आवश्यक सहयोग और सुरक्षा प्रदान कर रही हैं।
श्रद्धालुओं के सुरक्षित पार होने के बाद संबंधित कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग पर आए मलबे और पत्थरों को हटाने, साफ-सफाई तथा मार्ग के सुधारीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है।

वर्तमान में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमें और संबंधित विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं तथा आवश्यकता के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
हालांकि, यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल सोनप्रयाग में केदारनाथ की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को रोका गया है। मार्ग पूरी तरह से आवागमन के लिए सुचारु होने के बाद ही यात्रा दोबारा संचालित की जाएगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौके पर तैनात सुरक्षा और रेस्क्यू टीमों के निर्देशों का पालन करें तथा बिना अनुमति बाधित क्षेत्र को पार करने का प्रयास न करें।

