पीएम और सीएम ने किया दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का लोकार्पण

पीएम और सीएम ने किया दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का लोकार्पण

नई दिल्ली/मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए और आधुनिक भारत का शिल्पी व निर्माता बताया। उन्होंने कहा कि पीएम के ‘विकसित भारत’ विजन की वैश्विक नेता भी जमकर सराहना कर रहे हैं। इस विजन में अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ शासकीय योजनाओं का लाभ गरीब, वंचित, अन्नदाता किसान, महिला व युवा सहित समाज के हर तबके तक पहुंचना सुनिश्चित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली से प्रेरणा लेते हुए स्पष्ट होता है कि पूरे देश के विकास कार्यों की जितनी समीक्षा वे करते हैं, उतनी शायद ही कोई मंत्री अपने विभागीय कार्यों की करता हो। सीएम योगी रविवार को मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली–मेरठ नमो भारत रैपिड रेल संपूर्ण कॉरिडोर व मेरठ मेट्रो के लोकार्पण अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

तेजी से आगे बढ़ रहा है भारतमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने होली से ठीक पहले नमो भारत ट्रेन के साथ मेरठ मेट्रो का भी उपहार दिया है। यह विकसित भारत की उस सुदृढ़ नींव को मजबूत करने का माध्यम है, जिसमें अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के जरिए भारत की ताकत दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि पहले मेरठ से दिल्ली की दूरी एक चुनौती थी। इसे तय करने में चार से पांच घंटे तक का समय लग जाता था। लोग ‘दिल्ली दूर है’ मानकर जाम में फंसने की आशंका से यात्रा टाल देते थे। आज 12-लेन एक्सप्रेसवे से दिल्ली और मेरठ जुड़े हैं, जिससे यह दूरी मात्र 45–50 मिनट में तय हो रही है।

प्रधानमंत्री ने नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो की सौगात देकर इस दूरी को और कम कर दिया है। नमो भारत, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी अत्याधुनिक, सुरक्षित और तेज सार्वजनिक परिवहन सेवाएं आज भारत की नई पहचान बन रही हैं।

सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री ने शनिवार को गौतम बुद्ध नगर में सेमीकंडक्टर के नए प्लांट का शिलान्यास भी किया। इससे स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए निरंतर आगे बढ़ रहा है।

वैश्विक नेता कर रहे हैं पीएम के विजन की प्रशंसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्षों और 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री के विजन और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की।

सीएम योगी ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने डिजिटल भारत की सफलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत ने 140 करोड़ लोगों की डिजिटल पहचान और सशक्त स्वास्थ्य ढांचा तैयार किया, जिसके माध्यम से 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता का प्रमाण है कि विकसित भारत के विजन में वंचितों को प्राथमिकता दी गई है और शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।

पीएम की कार्यशैली प्रेरणा का स्रोत

सीएम योगी ने कहा कि अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रति प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण विकसित भारत की आधारशिला है। देश में नमो भारत रैपिड रेल, मेट्रो विस्तार, वंदे भारत ट्रेन, जलमार्ग, एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी सुविधाएं तेजी से विकसित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग नहीं होती थी। हाल ही में प्रधानमंत्री ने इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की मॉनिटरिंग की 50वीं बैठक की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की जितनी समीक्षा प्रधानमंत्री करते हैं, उतनी शायद ही कोई मंत्री अपने विभाग की करता हो।

सीएम ने कहा कि दशकों से लंबित लगभग 85 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं पिछले 10 वर्षों में धरातल पर उतरी हैं, जो प्रधानमंत्री की कार्यशैली का परिणाम है।

खेल विश्वविद्यालय और अन्य परियोजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर स्थापित उत्तर प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका शिलान्यास भी प्रधानमंत्री ने किया था। यह विश्वविद्यालय अप्रैल तक पूर्ण रूप से तैयार हो जाएगा और कक्षाएं गत वर्ष प्रारंभ हो चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी लगभग तैयार है और प्रदेशवासी चाहते हैं कि इसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री के करकमलों से हो। साथ ही, केंद्रीय कैबिनेट ने हाल ही में नोएडा मेट्रो के नए रूट को स्वीकृति दी है। सीएम ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि वे इसका शिलान्यास और पूर्ण होने पर लोकार्पण भी करें।

मेरठ की क्रांतिकारी धरती को नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ की धरती भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की साक्षी रही है। क्रांतिनायक धन सिंह गुर्जर, राव कदम सिंह, शाहमल और मातादीन वाल्मीकि ने इसी भूमि से स्वतंत्रता संग्राम का शंखनाद किया था।

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, दिनेश खटिक, सोमेंद्र तोमर, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद अरुण गोविल, राजकुमार सांगवान, चंदन चौहान और महापौर हरिकांत अहलूवालिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

12,930 करोड़ रुपये की परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ से 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। उन्होंने दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर (5 किमी.) तथा मेरठ साउथ से मोदीपुरम (21 किमी.) तक नमो भारत खंड का उद्घाटन कर दिल्ली–मेरठ नमो भारत का संपूर्ण कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही मेरठ साउथ से मोदीपुरम (21 किमी.) तक मेरठ मेट्रो का भी लोकार्पण किया।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक मेट्रो में यात्रा भी की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने दिव्यांग बच्चों, स्कूली विद्यार्थियों और मेडिकल छात्रों से संवाद किया।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *