प्रतापनगर के लाल राजेश भंडारी को मिला ‘जनभूषण सम्मान’

प्रतापनगर के लाल राजेश भंडारी को मिला ‘जनभूषण सम्मान’

विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर की पट्टी रैका के पडिया गांव निवासी एवं भारतीय वायु सेना के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी को कस्तूरबा गांधी दिवस के अवसर पर प्रतापनगर नागरिक सम्मान मंच द्वारा ‘जनभूषण सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

लंबगांव स्थित रैका में आयोजित भव्य समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

यह सम्मान उन्हें देशहित में दी गई उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किया गया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एयर वाइस मार्शल भंडारी ने अपने समर्पण, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा से न केवल प्रतापनगर बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित किया है।

एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी को इससे पूर्व भारत के राष्ट्रपति द्वारा ‘विशिष्ट सेवा मेडल’ से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनकी उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है।

उन्होंने 15 दिसंबर 1990 को भारतीय वायु सेना में कमीशन प्राप्त कर अपने सैन्य जीवन की शुरुआत की थी। अपने दीर्घ एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल में उन्होंने वायु सेना मुख्यालय में संयुक्त निदेशक (लॉजिस्टिक्स), प्रमुख इकाइयों के कमांडिंग ऑफिसर, महानिदेशक (वायु संचालन) के स्टाफ ऑफिसर तथा दक्षिण-पश्चिमी वायु कमान में एयर ऑफिसर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सफलतापूर्वक दायित्व निभाए।

1 फरवरी 2022 को उन्हें एयर कोमोडोर पद पर पदोन्नत किया गया। सेवानिवृत्ति से पूर्व वे भारतीय वायु सेना में असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (प्रोक्योरमेंट) के पद पर कार्यरत रहे। वायु सेना प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी उन्हें विभिन्न अवसरों पर सम्मानित किया जाता रहा है।

समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि देश की सर्वोच्च रक्षा सेवा में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है। क्षेत्रवासियों में इस सम्मान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने इसे प्रतापनगर के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *