18 जुलाई से शुरू होगी रामनगर–देहरादून ट्रेन सेवा – अनिल बलूनी

18 जुलाई से शुरू होगी रामनगर–देहरादून ट्रेन सेवा – अनिल बलूनी

गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्र की जनता के लिए एक ही दिन में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए इसे गढ़वाल के विकास, सुगम आवागमन और जनसुविधाओं की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग के अनुरूप 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ होने जा रहा है। यह ट्रेन प्रारंभिक चरण में सप्ताह में दो दिन संचालित होगी तथा यात्रियों की संख्या के आधार पर भविष्य में इसके संचालन को सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के नाम से प्रसिद्ध रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। इस नई रेल सेवा से स्थानीय नागरिकों को देहरादून आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही देशभर से आने वाले पर्यटक एवं श्रद्धालु भी कॉर्बेट नेशनल पार्क सहित उत्तराखंड के विभिन्न पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक अधिक सुगमता से पहुंच सकेंगे।

अनिल बलूनी ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड की रेल सेवाओं के विस्तार को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है।

इसी क्रम में सांसद अनिल बलूनी ने दिन की दूसरी बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि सर्वोच्च न्यायालय की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग से जुड़े सर्वोच्च न्यायालय के आदेश में प्रयुक्त “कमर्शियल वाहन” शब्द को लेकर उत्पन्न सभी भ्रमों को समाप्त करते हुए इस मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त कर दिया है।

इस निर्णय के तहत सवारी वाहन, सरकारी बसें, गढ़वाल मोटर ओनर यूनियन (GMOU) की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर तथा भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन को स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों एवं आमजन को बड़ी राहत मिलेगी तथा वर्षों से चली आ रही व्यावहारिक समस्याओं का समाधान होगा।

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि ये दोनों निर्णय गढ़वाल के विकास, पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और जनसुविधाओं को नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद अब ये दोनों उपलब्धियां क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होंगी।

सांसद ने इन दोनों जनहितकारी निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) तथा सभी संबंधित अधिकारियों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए गढ़वाल एवं रामनगर क्षेत्र की जनता को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *