उत्तराखंड के युवाओं ने बढ़ाया मान, यूपीएससी में किया शानदार प्रदर्शन
उत्तराखंड के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। राज्य के विभिन्न जिलों से कई प्रतिभाशाली युवाओं ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर की प्रिया सिंह चौहान ने संघर्ष और दृढ़ संकल्प की मिसाल पेश की है। प्रिया ने चार बार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा दी और असफलताओं से सीख लेते हुए लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहीं। आखिरकार अपने अंतिम प्रयास में उन्होंने 45वीं रैंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा दी है कि निरंतर प्रयास और धैर्य से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

देहरादून की मीनल नेगी, जो मूल रूप से टिहरी गढ़वाल की निवासी हैं, ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 66वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश में खुशी का माहौल है। इसी क्रम में चंपावत जिले के बाराकोट निवासी अनुज पंत ने 69वीं रैंक प्राप्त कर अपने क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन किया है।
हरिद्वार जिले में स्थित सिडकुल क्षेत्र के निवासी आर्यन सिंह ने 104वीं रैंक हासिल कर धर्मनगरी का मान बढ़ाया है। वहीं सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के आदित्य पाठक ने 189वीं रैंक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है।

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र के अत्मलपुर बोंगला गांव के रहने वाले तुषार चौहान ने 216वीं रैंक हासिल कर अपने गांव और जिले का नाम रोशन किया है। चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र के टूड़ा तोक की अनुप्रिया ने 258वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का उदाहरण पेश किया है।
उत्तरकाशी जिले के पुरोला प्रखंड के सुनाली गांव के ऋषभ नौटियाल ने 552वीं रैंक हासिल की है। देहरादून जिले के कालसी ब्लॉक के ग्राम जखनोग के स्वप्निल सेमवाल ने 600वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। वहीं हरिद्वार जिले के पिरान कलियर (रुड़की) की फैरुज फातिमा ने 708वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

इन सभी युवाओं की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में भी अपनी पहचान बना रही है। प्रदेश के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने इन सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन युवाओं की उपलब्धियां प्रदेश के अन्य छात्रों को भी प्रेरित करेंगी और भविष्य में उत्तराखंड से और अधिक प्रतिभाएं देश की प्रशासनिक सेवाओं में योगदान देती दिखाई देंगी।

