डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप को मिला प्रतिष्ठित ‘वाइस-चांसलर ऑफ द ईयर’ अवार्ड

डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप को मिला प्रतिष्ठित ‘वाइस-चांसलर ऑफ द ईयर’ अवार्ड

देहरादून स्थित उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् (यूकोस्ट) में आयोजित भव्य समारोह में गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप को ‘वाइस-चांसलर ऑफ द ईयर’ अवार्ड से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उत्तराखण्ड शासन के प्रमुख सचिव डॉ. मीनाक्षी सुन्दरम, यूकोस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कुलपति तथा 14 गणमान्य शिक्षाविदों वाली चयन समिति की अध्यक्ष डॉ. तृप्ता ठाकुर द्वारा प्रदान किया गया।

अवार्ड डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप के उत्कृष्ट नेतृत्व, अकादमिक, शोध एवं नवाचार को पुनर्जीवित करने की अग्रणी पहलों तथा विश्वविद्यालय को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए दिया गया।

इस अवसर पर यूकोस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने कहा कि डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप के असीमित और निरंतर योगदान को देखते हुए यह अवार्ड स्वयं गौरवान्वित हुआ है, जो उन्हें प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप के अथक प्रयास और उल्लेखनीय योगदान बहुआयामी हैं, जो किसी भी पुरस्कार या सम्मान की परिधि से परे हैं।

डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कुलपति के रूप में अपने कार्यकाल के मात्र 200 दिन पूरे किए हैं। इन 200 दिनों में विश्वविद्यालय में लगभग सौ नवाचार स्थापित हो चुके हैं और हर दिन कुछ नयी पहल ले कर आ रहा है जिससे विश्वविद्यालय का वातावरण उद्दीप्त है।

इन दिनों में पंतनगर विश्वविद्यालय का क्यू.एस. एशिया रैंकिंग में देश के प्रथम कृषि विश्वविद्यालय के रूप में समावेश हुआ। विश्वविद्यालय की शोध गुणवत्ता को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली और आई.सी.ए.आर. एवं राज्य सरकार के समक्ष पंतनगर का मॉडल पुनः चर्चा का विषय बना।

जहाँ एक ओर शिक्षण और शोध गुणवत्ता पर सार्थक चर्चा शुरू हुई वहीं विगत छह माह में निर्माण एवं संरचनात्मक वृद्धि पर भी बड़े काम शुरू हुए। बड़े प्रयासों से राज्य सरकार से इन कामों के लिये लगभग 300 करोड़ रुपये के शासकीय अनुदान की अतिरिक्त व्यवस्था की गई। समस्त सड़कों की मरम्मत हेतु मुख्यमंत्री घोषणा में 28 करोड़ रुपये की व्यवस्था हुई।

सड़कों का चौड़ीकरण, फुटपाथ कार्य, छात्रावासों में छत-मरम्मत, शौचालय, पेयजल, विद्युत एवं मेस में सुधार तथा कुछ छात्रावासों में जनरेटर की व्यवस्था प्रारंभ हुई।

भर्ती एवं पदोन्नति का विषय वर्षों से लंबित था। इसी छह महीने में जहाँ शासन से रिक्त पदों की नियुक्ति की स्वीकृति मिली, विज्ञापन जारी हुए वहीं वृहद स्क्रीनिंग कार्य पूर्णता की ओर है। समस्त विभागाध्यक्षों के पदों के लिए साक्षात्कार पूर्ण किए गए।

समस्त लेखा कार्मिकों की पदोन्नति सम्पन्न हुई और क्षेत्र सहायकों की पदोन्नति योजना लागू की गई। इस हेतु पूरे विश्वविद्यालय ने रात-दिन एक कर टीम की तरह काम किया।

उत्तराखंड राज्य के विकास को गति और दिशा देने के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप के प्रयासों को नया आयाम मिला जब राज्य ने कृषि रोडमैप 2047 के निर्माण की जिम्मेवारी उन्हें सौंपी।

उत्तराखण्ड को कृषि में पूर्णतः आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लक्ष्य से राज्य के उच्च अधिकारियों और विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की 250 सदस्यीय टीम गठित हुई । इस समूह की पंतनगर में दो-दिवसीय सघन कार्यशाला भी सम्पन्न हुई, जिसमें कृषि, उद्यान,
पशुपालन, मत्स्य, वानिकी, जलवायु आदि 25 विषयों पर जिला- अनुसार रोडमैप बनाने के विशाल कार्य का विजन तैयार किया गया। रोडमैप पूर्णता की ओर है।

इसी मध्य पंतनगर में आयोजित ऐतिहासिक किसान मेले में लगभग 1.5 लाख लोग आए। करोड़ों रुपये के बीज और कृषि आगतों की रिकॉर्ड खरीद हुई। एक बार फिर कुशल नेतृत्व और टीम वर्क के कारण एक मिशाल कायम हुई।

सबसे अधिक प्रचलित हुआ कुलपति का प्रातः 8ः00 बजे जन-संवाद जिसमें 500 से अधिक लोग आए और 200 से अधिक पुराने मामले निपटाए गए। छात्रों के लिये अलग से आयोजित बुधवार मिलन में सैकड़ों छात्रों ने अमूल्य सुझाव दिए जिनमें अनेक लागू भी कर दिये गये।

एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही डिजिटल नवाचार। विश्वविद्यालय की पूरी वेबसाइट का नए रूप में निर्माण हुआ। विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकों का पांच-दिवसीय ए.आई. प्रशिक्षण युद्ध-स्तर पर सम्पन्न हुआ। गेस्ट हाउस बुकिंग व्यवस्था का ऑनलाइन पोर्टल बनाया गया। शिक्षण-पठन के डिजिटल स्वरूप को दृढ़ता से खड़े करने हेतु एलएमएस लागू करने की तैयारी है।

सामाजिक सरोकारों में नवाचार स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा प्रयोग भारत रत्न श्री नानाजी देशमुख निराश्रित गौवंश संरक्षण कार्यक्रम के रूप में प्रारंभ हुआ। शिक्षा में उद्योगों की वरीयता लाने हेतु ब्रिज सीरीज स्थापित हुआ जिसमें 250 से अधिक उद्योग विशेषज्ञ जुड़े।

ब्रेन 3.0 नामक अभिनव कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें देश के 75 उद्यमियों एवं शिक्षाविदों ने पंतनगर की प्रगति का रोडमैप बनाया। नवागत छात्रों हेतु आयोजित दीक्षारंभ में भी नवाचार कर उसे अधिक उपयोगी बनाने के अनेक प्रयोग हुए और 15 दिन में 1,000 नये विद्यार्थियों हेतु यह कार्यक्रम बड़ी सफलता से सम्पन्न हुआ।

कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने पुरस्कार का सारा श्रेय विश्वविद्यालय के समर्पित शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मियों, श्रमिकों एवं सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार को देते हुए कहा की वे ही हमारी सारी प्रेरणा के स्रोत हैं और उन्हें बेहतर वातावरण देना ही हमारे सारे प्रयासों का लक्ष्य है।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *