देवलेश्वर महादेव के जयकारों से गूंजा गगवाड़स्यूं, कमलव्यूह के मंचन ने खींचा दर्शकों का ध्यान

देवलेश्वर महादेव के जयकारों से गूंजा गगवाड़स्यूं, कमलव्यूह के मंचन ने खींचा दर्शकों का ध्यान

गगवाड़स्यूं घाटी के बलोड़ी स्थित सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित मेले में रविवार को आस्था, लोक संस्कृति और पौराणिक परंपराओं का संगम देखने को मिला।

गगवाड़स्यूं घाटी के 34 से अधिक गांवों के आस्था केंद्र इस मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया तथा ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने भी प्रतिभाग कर देवलेश्वर महादेव के दर्शन किए और जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

वर्ष 2016 में शुरू हुआ यह आयोजन इस वर्ष 11वें पड़ाव पर पहुंचा। मेले को लेकर स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोगों ने जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया। इस दौरान मंदिर समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसी क्षेत्र की पहचान केवल उसके भौगोलिक स्वरूप से नहीं, बल्कि वहां की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से भी बनती है। देवलेश्वर महादेव मंदिर इसका एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। यहां आयोजित होने वाले मेले पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, जिससे दूसरे क्षेत्रों के लोग भी यहां पहुंचें और स्थानीय लोक संस्कृति को जानने का अवसर मिले। इससे इन परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वह पिछले वर्ष भी यहां आयी थीं। उस समय मंदिर में स्थायी मंच सहित कुछ अन्य निर्माण कार्यों की आवश्यकता सामने आई थी। अब परिसर में इन सुझावों के अनुरूप कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मंदिर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए इसे और भव्य स्वरूप देने के लिए आगे भी प्रयास किए जाएंगे।

मंदिर समिति के सदस्य जगत किशोर बड़थ्वाल ने जिलाधिकारी का आभार जताते हुए बताया कि गत वर्ष जिलाधिकारी को दिए गए सुझावों के क्रम में मंदिर परिसर में देवपथ, टीनशेड, हॉल, मंच और परिक्रमा पथ का निर्माण कराया गया है।

मंदिर के ऊपरी हिस्से में पारंपरिक शिल्प शैली को ध्यान में रखते हुए कार्य किए गए हैं। साथ ही मंदिर के इतिहास, स्थापत्य और धार्मिक विरासत को दर्शाने वाले सूचना-पट्ट भी लगाए गए हैं।

इन कार्यों से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ने के साथ ही इसकी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को भी बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कृष्णानंद नौटियाल के नेतृत्व में प्रस्तुत ‘कमलव्यूह’ नाट्य मंचन ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। पौराणिक प्रसंग पर आधारित इस प्रस्तुति के दौरान दर्शक भाव-विभोर होकर मंचन देखते रहे।

कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और प्रसंगों के सजीव चित्रण ने उपस्थित लोगों को महाभारत काल के घटनाक्रम से जोड़ दिया। मंचन के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

Yogi Varta

Yogi Varta

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *